गहलोत सरकार के 2 साल पूरे, BJP ने मनाया राजस्थान में काला दिवस

INC News
0

जयपुर, राजस्थान।





राजस्थान सरकार का कार्यकाल दो साल का हो गया है। सरकार और कांग्रेस के लिए जश्न का दिन है। मगर भाजपा ने इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया। बढ़ती बेरोजगारी, बढ़ते अपराध, किसानों की कर्जमाफी नहीं होना, बिजली बिलों में बढ़ोतरी जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा ने गुरुवार को सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। भाजपा मुख्यालय से पैदल मार्च निकाला गया और सिविल लाइन फाटक पर पुतला फूंका गया। मगर भाजपा कार्यकर्ता इस विरोध—प्रदर्शन में कोरोना गाडलाइन की धज्जियां उड़ाते नजर आए। सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने के बजाय कार्यकर्ता आगे बढ़ने की चाहत में पुलिस से उलझते दिखे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से हुए इस विरोध—प्रदर्शन की शुरुआत पार्टी मुख्यालय के बाहर से हुई। यहां जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा और भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कुछ देर बाद हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता सिविल लाइन फाटक के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस का जाप्ता भी उनके साथ—साथ चला। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं को फाटक से पहले ही रोक दिया गया, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का—मुक्की करते हुए बेरिकेड्स पर खड़े होकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। यहां करीब 15 मिनट तक सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही जनविरोधी नीतियों को लेकर नाराजगी जताई गई। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments

Tnxx for comment

Post a Comment (0)
3/related/default