नागौर, राजस्थान।
पंचायती राज चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज कार्याकर्ता कुछ भी कर गुजरने को आतुर हो रहे हैं, वे न केवल बड़े नेताओं से नाराजगी जता रहे हैं, बल्कि स्थानीय नेताओं से बदसलूकी भी करने पर आमादा हो रहे हैं, ऐसा ही एक मामला सोमवार को नागौर जिले में सामने आया है. मामला बीजेपी से जुड़ा हुआ है. यहां टिकट नहीं मिलने से नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नेताओं को रस्सी के सहारे पेड़ से बांध दिया, बाद में बड़ी मुश्किल से उनको छुड़ाया गया, लेकिन यह घटनाक्रम ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब इसके वीडिया सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला नागौर के भैरूंदा मंडल इलाके से जुड़ा हुआ है, यहां नाराज कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मंडल अध्यक्ष राजेंद्र वैष्णव और उनके साथी पदाधिकारी को पेड़ से रस्सी से बांध दिया और जमकर खरीखोटी सुनाई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यहां टिकट का वितरण सही नहीं किया गया, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नेताजी के पेड़ से बंधे हुये फोटो खींच लिये और वीडियो भी बना लिये। बाद में कुछ लोगों ने बीच बचाव कर वैष्णव और उनके साथी को छुड़ाया, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर दिये।

Tnxx for comment