जयपुर, राजस्थान।
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल पर बाड़मेर के बायतु में हुए हमले को लेकर लोकसभा की विशेषाधिकार हनन समिति ने एक बार फिर राजस्थान के अधिकारियों को दिल्ली बुलाया है। 11 अगस्त को राजस्थान के अधिकारियों की दिल्ली में विशेषाधिकार हनन समिति के पास पेशी है। इसमें राजस्थान के मुख्य सचिव राजीव स्वरूप, राजस्थान पुलिस डीजीपी भूपेंद्र सिंह, एडीजी इंटेलिजेंस उमेश मिश्रा 11 अगस्त को संसद की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगें।
17 मार्च को भी इस समिति ने राजस्थान की अधिकारियों को दिल्ली हाजिर करवाया था और पहली पेशी करवाई थी, अब दूसरी बार इन अधिकारियों को बुलाया गया है, उस समय राजस्थान के मुख्य सचिव डीबी गुप्ता थे। डीबी गुप्ता ने इस मामले को लेकर संसद में राजस्थान सरकार का पक्ष रखा था। अब राजस्थान के मुख्य सचिव राजीव स्वरूप है। आज जयपुर में इन अधिकारियों ने सचिवालय में बैठकर इस मामले को लेकर अहम बैठक की, ताकि संसद में पूछे जाने वाले सवालों का जवाब दिया जा सके।
हम आपको बता दे कि 12 नवम्बर 2019 को नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल पर बाड़मेर के बायतु में हमला हुआ था, हनुमान बेनीवाल एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, इस दौरान उनकी गाड़ी पर पथराव हुआ था, इस गाड़ी में सांसद कैलाश चौधरी भी थे। हालांकि हनुमान बेनीवाल को इस हमले में कोई चोट नहीं आई। हनुमान बेनीवाल ने इस हमले का आरोप राजस्व मंत्री हरीश चौधरी पर लगाया था। इस मामले को लेकर हनुमान बेनीवाल लोकसभा में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाये थे, इसी प्रस्ताव के कारण इन अधिकारियों की दिल्ली में पेशी हो रही है।

Tnxx for comment