अब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अमित शाह नहीं जे पी नड्डा होंगे भाजपा के मुखिया

INC News
0

दिल्ली।

जे.पी. नड्डा को बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही बीजेपी अध्यक्ष पद पर लंबे समय से चला आ रहा अटकलों का दौर ख़त्म हो गया है। हालाँकि नड्डा सिर्फ़ कार्यकारी अध्यक्ष ही रहेंगे, सूत्रों के मुताबिक़ अमित शाह के अभी और 6 महीने तक पार्टी अध्यक्ष बने रहने की संभावना है। अमित शाह के गृहमंत्री का पद संभालने के साथ ही बीजेपी अध्यक्ष पद पर कई नामों को लेकर कयास लगाये जा रहे थे जिसमें जे.पी. नड्डा का नाम भी शामिल था।

कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर जे.पी. नड्डा के नाम का फ़ैसला भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज, जे.पी. नड्डा, थावरचंद  गहलोत समेत बोर्ड के अन्य सदस्य शामिल थे। यह बैठक नव-निर्वाचित सांसदों के शपथ ग्रहण के बाद की गई। 


शाह के मोदी कैबिनेट में आने के बाद से ही इस बात की अटकलें लगने लगी थीं कि आख़िर पार्टी में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। बता दें कि इस साल के अंत तक हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं और शाह इन राज्यों में एक बार फिर पार्टी की वापसी करवाना चाहते हैं। शाह का पार्टी अध्यक्ष के रूप में 3 साल का कार्यकाल इस साल की शुरुआत में ख़त्म हो चुका था। लेकिन लोकसभा चुनाव तक उन्हें पार्टी अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए कहा गया था। शाह के बाद पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने वाले नेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को सबसे आगे माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

Tnxx for comment

Post a Comment (0)
3/related/default