दिल्ली।
कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी ने इस्तीफा दे दिया है. उनके इस्तीफा देने के बाद से कांग्रेस में एक प्रकार से हलचल जैसी स्थिति है. 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष बने राहुल गांधी पर लोकसभा चुनाव 2019 में पार्टी को बुरे दौर से निकालने की जिम्मेदारी थी. इसमें वे सफल नहीं हो सके. चार पन्नों के अपने बयान में राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी व नरेंद्र मोदी की जीत पर भी तंज कसा है. समर्थकों व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इस पत्र के जरिए संदेश दे दिया है कि वे अगले कांग्रेस अध्यक्ष पद के नाम के लिए कोई सुझाव नहीं देंगे. ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ये तीन नाम सामने आ रहे हैं. आइए इनके बारे में जानकारी लेते हैं...
1.सुशील कुमार शिंदे
सुशील कुमार शिंदे का नाम अगले कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सबसे आगे चल रहा है। महाराष्ट्र में कांग्रेस अपनी ताकत को बढ़ाने की कोशिश में है। ऐसे में सुशील कुमार शिंदे सबसे प्रबल उम्मीदवार हो सकते हैं। वे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। मनमोहन सिंह सरकार में वे गृह मंत्रालय व ऊर्जा मंत्रालय का प्रभार संभाल चुके। 77 वर्षीय शिंदे को कांग्रेस अपने तारणहार के रूप में देख रही है।
2.अशोक गहलोत
कांग्रेस पार्टी में अशोक गहलोत को सबसे बेहतर रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद जिस प्रकार से उन्होंने राज्य में जनता दल सेक्युलर के साथ गठबंधन की रणनीति को अंजाम दिया, वह शानदार था। जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी को गठबंधन का नेता बनाकर राज्य की खोई सत्ता को पाने में उन्होंने सफलता हासिल की थी। वे तेजी से फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं। राहुल गांधी से उनकी निकटता भी उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष पद दिलाने में मदद कर सकती है। राजस्थान व देश के अन्य हिस्से में वे पार्टी की स्थिति को बेहतर बनाने की रणनीति बना सकते हैं।
3.मल्लिकार्जुन खड़गे
कर्नाटक से आने वाले सीनियर कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम भी अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा है। मल्लिकार्जुन खड़गे 16वीं लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता की महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, उनकी सांगठनिक क्षमता से हर कोई परिचित है। उन्हें कांग्रेस पार्टी में सबसे सामान्य कार्यकर्ता तक से बात करते देखा जाता है। ऐसे में उन तक किसी प्रकार की शिकायत पहुंचाना आसान होगा। साथ ही, कांग्रेस की मिशन दक्षिण की नीति में भी वे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
4. मोतीलाल वोरा
कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है। उनको भी अध्यक्ष बनाने की बात चली है, लेकिन उनकी उम्र काफी ज्यादा है। मोतीलाल वोरा कांग्रेस में गांधी परिवार के सबसे करीबी लोगों में से एक जाने जाते हैं। वे कांग्रेस के वरिष्ठतम महासचिव हैं। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अगली बैठक होने तक वे पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष बने रहेंगे। कांग्रेस में 21 साल बाद गैर गांधी अध्यक्ष बन सकता है। 1996 से 1998 तक सीताराम केसरी कांग्रेस अध्यक्ष थे। इसके बाद सोनिया गांधी दिसंबर 2017 तक अध्यक्ष थीं।

Tnxx for comment